हरियाणा

Faridabad: फरीदाबाद के लिए योजनाओं पर फोकस, कृष्ण पाल गुर्जर ने जताया विकास का विश्वास

Admindelhi1
23 March 2026 5:23 PM IST
Faridabad: फरीदाबाद के लिए योजनाओं पर फोकस, कृष्ण पाल गुर्जर ने जताया विकास का विश्वास
x

फरीदाबाद: फरीदाबाद के वार्ड नंबर-1 और वार्ड नंबर-5 में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने लगभग 8 करोड़ 85 लाख रुपये के विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन कार्यों में वार्ड नंबर 1 स्थित 5 एकड़ में बने अटल पार्क में लगभग 5 करोड़ 70 लाख रूपये की लागत से हुए बाउंड्री वॉल, फुटपाथ, कैनेपी, बेंच, ओपन थिएटर, रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट, धौलपुर छतरी, डेकोरेटिव लाइट्स, हाई माक्र्स लाइट के कार्य का उद्घाटन किया। वहीं वार्ड संख्या-5 में विकास कार्यों को गति देते हुए विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक स्तर पर विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गयी। इसके अंतर्गत विभिन्न सडक़ों का आरएमसी निर्माण कार्य, वार्ड के विभिन्न मार्गों का सुदृढ़ीकरण, डिवीजन-1 क्षेत्र में नालियों/गौरी ड्रेन का टिंबर ट्री के साथ सौंदर्यीकरण तथा अन्य निर्माण एवं सुधार कार्य शामिल हैं। इन सभी विकास परियोजनाओं पर कुल लगभग 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी, जिससे क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक और सुदृढ़ बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है, और इसी लक्ष्य के तहत निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि फरीदाबाद शहर को बिजली के जाल से मुक्त करने के लिए 2700 करोड़ रुपये की लागत से हाई टेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की जा रही है, जिसकी शुरुआत एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से होगी। इस परियोजना से शहर की सुंदरता में वृद्धि के साथ-साथ सडक़ों के चौड़ीकरण में भी सुविधा होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि एनआईटी क्षेत्र में लंबे समय से मीठे पानी की उपलब्धता एक चुनौती रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना से सीधे पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना लागू की जा रही है, जिससे क्षेत्र के सभी निवासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गैस की मांग और आपूर्ति पहले की तरह संतुलित है तथा किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। इस अवसर पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, वार्ड 1 पार्षद मुकेश डागर, वार्ड 5 पार्षद जयवीर खटाना, भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, संजय डागर, कयूम खान, मोहन शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Next Story