Faridabad: एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत, आज किया जाएगा पोस्टमार्टम

फरीदाबाद: पत्नी पर अवैध संबंध के शक में चार बेटों के साथ ट्रेन के आगे आकर मनोज के सामूहिक आत्महत्या मामले में बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बिहार से मनोज के परिवार वाले बुधवार को फरीदाबाद नहीं पहुंच सके।
परिवार के बृहस्पतिवार दोपहर तक यहां पहुंचने की बात कही जा रही है, जिसके बाद शवों का पोस्टमार्टम जीआरपी थाना पुलिस कराएगी। वहीं मामले में जीआरपी थाना पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। इसके लिए पुलिस टीम मृतक मनोज व उसकी पत्नी प्रीति के मोबाइल की भी जांच कर रही है। इन मोबाइल की जांच के जरिये पुलिस सबूत जुटाने के प्रयास कर रही है। अभी तक पत्नी पर शक के चलते मनोज के ये कदम उठाने की बात कही जा रही है, लेकिन इससे जुड़े सबूत अभी तक सामने नहीं आए हैं। बल्लभगढ़ फ्लाईओवर के रेलवे ट्रैक पर गोल्डन टैंपल ट्रेन के आगे मंगलवार दोपहर को ये हादसा सामने आया था। जिसमें बिहार लखीसराय के मूल निवासी मनोज ने अपने बेटे पवन, कारू, मुरली व छोटू के साथ आत्महत्या कर ली थी। वो पार्क घुमाने की कहकर बच्चों को घर से ले गया था। यहां रेलवे ट्रैक पर वो बच्चों के लिए चिप्स, पकोड़े व कोल्ड ड्रिंक भी साथ लेकर गया था। यहां बच्चों को ये खिलाने के बाद ट्रेन आने लगी तो चारों बच्चों को पकड़कर ट्रेन के सामने ही खड़ा हो गया था।
बच्चों ने बचने का भी प्रयास किया लेकिन उसने बच्चों को पकड़े रखा था। जीआरपी डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि बिहार से परिवार के न आने के चलते बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब बृहस्पतिवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।





