
फरीदाबाद: गांव सुरूर पुर के इलाके में रविवार की देर रात बंद वर्कशॉप में आग लग गई। फायर बिग्रेड की दो गाडिय़ों मौके पर पहुंची और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नही हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुजेसर थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, सोहना रोड पेट्रोल पंप के पास सुरूर पुर गांव के इलाके में एक वर्कशाप बनी हुई है। जिसमें अचानक से आग लग गई, आग की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की दो गाड़ी भी पहुंच गई।
वर्कशाप में प्लास्टिक के दानों से सामान तैयार किया जाता था। लोगों ने जब वर्कशाप के अंदर से धुआं निकलते हुए देखा, तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सिपाही कैलाश चंद्र ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जब वर्कशॉप को खोला गया, तो अंदर प्लास्टिक के दानों से बनी सामग्री और बोरियों में भरे प्लास्टिक के कट्टे जलते हुए मिले। फायर बिग्रेड विभाग की दो गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचकर करीब आध घंटे की की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। सिपाही कैलाश चंद्र के अनुसार, वर्कशॉप में काम करने वाले मजदूर और मालिक शाम 6 बजे के बाद घर जा चुके थे, शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। जहां बिजली का मीटर लगा हुआ था, वहीं से सामान और तार जले हुए मिले हैं।
आग की चपेट में आकर वर्कशॉप के अंदर रखे लगभग 7-8 प्लास्टिक के कट्टे जल गए। पुलिस के अनुसार, यह वर्कशॉप एक अन ऑथराइज्ड इलाके में बना हुआ है। जिसके कारण गली का कोई नंबर या वर्कशॉप का नाम-पट्टिका मौजूद नहीं है। वर्कशॉप के मालिक को सूचना दे दी गई है। अनुमान के मुताबिक, करीब 15 से 20 प्रतिशत सामान आग में जलकर नष्ट हुआ। पुलिस-दमकल टीम की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





