हरियाणा

Faridabad: युवक की आत्महत्या से परिवार में शोक

Admindelhi1
3 May 2026 10:12 AM IST
Faridabad: युवक की आत्महत्या से परिवार में शोक
x

फरीदाबाद: गांव मोहना में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संदीप कुमार (35) निवासी पंजाब के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से मोहना गांव में रह रहा था और फरीदाबाद में दिहाड़ी मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात संदीप अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर लटका हुआ मिला। वह गांव में मुकेश के मकान में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक मुकेश ने बताया कि संदीप काफी समय से उनके यहां रह रहा था। जब वह संदीप से मिलने उसके कमरे की तरफ गया, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। शक होने पर उन्होंने खिडक़ी से अंदर झांककर देखा तो संदीप पंखे से फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।

यह देखते ही उन्होंने तुरंत डायल 112 की ईआरवी टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा तोडक़र कमरे के अंदर प्रवेश किया, जहां संदीप पंखे के सहारे लटका हुआ मिला। उस समय तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मोहना गांव में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना ईआरवी टीम के माध्यम से मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक पंजाब का रहने वाला था और मोहना गांव में किराए के कमरे में अकेले रह रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Next Story