
फरीदाबाद: साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में आठ लोगों को साइबर क्राइम थानों की टीम ने गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज ठगी के पांच मामलों की जांच करते हुए इन आरोपियों को काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है। बाकी को रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
पहले मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने 77,650 रुपये की ठगी मामले में खाता उपलब्ध कराने के आरोप में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने चार युवकों झज्जर निवासी जतिन वत्स, विक्की मान, राजस्थान सवाई माधोपुर निवासी सुनील मीणा और जयपुर निवासी शुभम मीणा को पकड़ा। आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। ठगी की ये वारदात सेक्टर-28 निवासी महिला से हुई थी।
दूसरे मामले में उपायुक्त की फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर रुपये मांगने के मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल टीम ने आरोपी जमतीन खुप हॉकिप मणिपुर को गिरफ्तार किया है।आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
तीसरे मामले में शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 4.20 लाख रुपये की ठगी के मामले में खाता बेचने वाले को साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप मध्यप्रदेश इंदौर का रहने वाला है। इसके खाते में ठगी के 1.20 लाख रुपये आए थे। ये इंदौर में सफाईकर्मी का काम करता है। ठगी की ये वारदात सेक्टर-75 निवासी व्यक्ति से हुई थी।
चौथे मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने लगभग 94 हजार रुपये ठगी मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने राजस्थान जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी तरुण सांखला जोधपुर का रहने वाला है। आरोपी ठगों को खाते मुहैया कराता था। ये आईआईएफएल गोल्ड लोन जोधपुर में फील्ड बॉय के तौर पर काम करता है। आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है। ठगी की ये वारदात सेक्टर-19 निवासी व्यक्ति से हुई थी।
पांचवें मामले में मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार का डर दिखाकर 2.23 करोड़ की ठगी में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय कुमार अमरूत लाल ठक्कर गुजरात के बनासकांडा जिले का रहने वाला है। आरोपी ने चमन लाल का खाता ठगों को बेचा था। इस खाते में ठगी के 39 लाख रुपये आए थे। खाताधारक चमनलाल सहित 8 आरोपियों को इस केस में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ठगी की ये वारदात सेक्टर-29 निवासी व्यक्ति से हुई थी।





