हरियाणा

Faridabad: खाना बनाते समय हुआ सिलेंडर विस्फोट, चार लोग झुलसे

Admindelhi1
15 Oct 2025 10:08 AM IST
Faridabad: खाना बनाते समय हुआ सिलेंडर विस्फोट, चार लोग झुलसे
x
"दो मकानों को भारी नुकसान"

फरीदाबाद: जवाहर कॉलोनी में सोमवार देर रात एक घर में गैस सिलेंडर फट गया। इससे दो मंजिला घर के ऊपर बने दो कमरे उड़ गए और इनके मलबे में दबकर 2 महिलाएं और 2 बच्चे घायल हो गए। इनमें से एक बच्चे की हालत नाजुक है। यह हादसा उस समय हुआ जब एक महिला रसोई में खाना बना रही थी। सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनकर मौके पर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सारण थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर कॉलोनी की गली नंबर 3 में राजीव कुमार के मकान में किराए पर दो परिवार रहते हैं। इस दो मंजिला मकान में ग्राउंड फ्लोर पर मकान मालिक खुद रहते हैं और फस्र्ट फ्लोर पर बने दोनों कमरे उन्होंने किराए पर दे रखे हैं। एक कमरे में सोहित (35) अपनी पत्नी पारुल (28) के साथ रहता है। इनकी एक बेटी नेहा (2) है। जबकि, दूसरे कमरे में गिरीश अपनी पत्नी अनीता (28) के साथ रहता है। इन दोनों का भी एक बेटा दवांग (2) है। सोहित और गिरीश फरीदाबाद की ही एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे को पारुल अपने कमरे की किचन में खाना बना रही थी। उस समय दोनों बच्चे और महिलाएं ही कमरों में थीं। सोहित और गिरीश कहीं काम से बाहर थे।

इसी दौरान पारुल के कमरे में सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने की तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग मौके पर दौडक़र पहुंचे। मकान मालिक राजीव का कहना है कि धमाके में उनके दोनों कमरे उड़ गए। इसके मलबे में दोनों महिलाएं और बच्चे दब गए थे। लोगों ने तेजी से मलबा हटाया और दबे हुए चारों लोगों को निकाला। लोगों ने पारूल, अनीता और इनके बच्चे नेहा व दवांग को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इनकी हालात सीरियस देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। लोगों ने पुलिस को भी मामले की सूचना दी थी। इसके बाद मौके पर सारण थाना पुलिस पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया है कि सभी घायलों का अभी इलाज चल रहा है। अभी तक गैस सिलेंडर के फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, लोग कह रहे हैं कि गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ।

गिरीश का परिवार फरीदाबाद का और सोहित का परिवार यूपी का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story