हरियाणा

Faridabad: सीजीएसटी की टीम ने तंबाकू उत्पाद से भरा ट्रक पकड़ा

Admindelhi1
9 Jun 2025 3:07 PM IST
Faridabad: सीजीएसटी की टीम ने तंबाकू उत्पाद से भरा ट्रक पकड़ा
x

फरीदाबाद: सीजीएसटी फरीदाबाद की टीम ने फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर तंबाकू उत्पाद से भरे ट्रक को पकड़ा है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान ट्रक में भरे तंबाकू उत्पाद व पान मसाला के वैध दस्तावेज व ई-वे बिल नहीं मिले। ट्रक चालक से पूछताछ और कुछ दस्तावेजों से मिली जानकारी के बाद सीजीएसटी टीम ने दिल्ली और फरीदाबाद में कंपनी के गोदाम पर भी रेड की। वहां भी रिकॉर्ड में खामियां मिली और लगभग 5 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा होने का सीजीएसटी अधिकारियों ने दावा किया है।

सीजीएसटी फरीदाबाद के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई डेटा एनालिटिक्स और निगरानी के आधार पर की गई है। जांच के दौरान टीम ने कपिश्वर पान प्रोडक्ट लिमिटेड के नाम से जुड़ी चार बिना रजिस्ट्रेशन वाली जगहों पर भी रेड की। आरोप है कि वहां पर अवैध रूप से माल स्टोर किया जा रहा था। इनमें से एक गोदाम दिल्ली में था जहां सीजीएसटी दिल्ली ईस्ट टीम के साथ मिलकर तलाशी की कार्रवाई की गई।

रेड के दौरान टीम को इन गोदाम से शिखर, तानसेन, कमला पसंद, डबल ब्लैक, स्वागत गोल्ड, एसएस वन, हंस जैसे नामी ब्रांडों का पान मसाला और चबाने वाला तंबाकू मिला। यहां पर रखे माल और गोदाम के रिकॉर्ड में काफी अंतर मिला। सीजीएसटी की टीम मामले में जांच कर रही है। साथ ही टैक्स चोरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को भी चेक किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों पर जीएसटी एक्ट और केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Next Story