हरियाणा

Faridabad: बिजनेस इन्वेस्टमेंट स्कैम का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

Admindelhi1
18 Oct 2025 12:45 PM IST
Faridabad: बिजनेस इन्वेस्टमेंट स्कैम का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
x

फरीदाबाद: बिजनेस में निवेश कर पैसे कमाने का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी किए जाने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने खाता उपलब्ध करवाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 25 जनवरी को उसके पास व्हाट्एप पर कॉल आया, जिसमें यू.एस.ए. एफिलिएट मार्केटिंग और डीपीएस प्रोग्राम के बिजनेस में निवेश करने के लिए कहा गया।

कॉलर ने व्हाट्सप पर जानकारी सांझा की और बिजनेस में निवेश करने के लिये विश्वास में लिया। इस पर शिकायतकर्ता ने ठगों के बताये खाता में कुल चार लाख 55 हजार रुपए निवेश के लिये भेजे, लेकिन कुछ समय बाद ठगों ने उसके कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इसकी शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दिलीप यादव वासी सेक्टर-70 नोएडा व आर्यन गुप्ता वासी ग्रेसी गंज छिबरामऊ, कन्नौज को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाते थे और उन्होंने मुन्ना सिंह का खाता लेकर आगे दिया था। आरोपी दिलीप बीए पास है तथा अपने पिता के साथ दुकान पर काम करता है। वहीं आर्यन 12वीं पास है और नोएडा में प्राईवेट कंपनी में काम करता है। आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में खाताधारक मुन्ना सिंह सहित दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Next Story