Faridabad: अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, फार्महाउस समेत चार ढांचे तोड़े

फरीदाबाद: आनंद वन में अरावली की तरफ जा रहे रास्ते पर वन विभाग की जमीन अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए फार्म हाउस पर वन विभाग ने नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई की। शुक्रवार को प्रशासन ने बांगा फार्म समेत चार फार्म हाउस तोड़ दिए।
जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लगातार कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम फरीदाबाद नगर निगम के दस्ते के साथ सुबह करीब 10 बजे 10 बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी। प्रशासन की तरफ से शाम करीब 6 बजे तक अवैध फार्म हाउस तोड़ने का सिलसिला जारी रहा। टीम ने बांगा फार्म के साथ सल्तनत गार्डन, व्हाइट हाउस, संस्कृति ग्रीन का कुछ हिस्सा गिरा दिया। वहीं टीम पहले अनंगपुर पहुंची थी लेकिन ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पहली अनखीर में कार्रवाई की गई।
अनंगपुर चौक पर बैठे रहे ग्रामीण: प्रशासन की तरफ से की जा रही कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों की भीड़ अनंगपुर चौक पर बैठी रही। सुबह 10 बजे से शाम करीब 7 बजे तक लोगों की भीड़ वहां पर मौजूद रही। लोगों की भीड़ को देखते हुए टीम ने आज अनंगपुर में कार्रवाई नहीं की। पार्षद विरेंद्र भड़ाना ने बताया कि लोग सुबह से ही चौक पर आ गए थे। उन्होंने लोगों से रोड जाम न करने की अपील की इसके बाद लोगों से शांति से अपना विरोध दर्ज करवाया। इस अवसर पर चौधरी चवन, अन्नू प्रधान, अमित भड़ाना, चंदू भड़ाना, प्रीतम व राजेश प्रधान आदि लोग मौजूद रहे।





