हरियाणा

Faridabad: यात्रा में रंग बढ़ाने को हलवाई–डीजे की बुकिंग हुई पूर्ण

Admindelhi1
15 July 2025 1:14 PM IST
Faridabad: यात्रा में रंग बढ़ाने को हलवाई–डीजे की बुकिंग हुई पूर्ण
x

फरीदाबाद: शादियों का सीजन खत्म होने के बाद अब लोगों ने कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। डाक कांवड़ के लिए लोगों ने पहले से ही डीजे की बुकिंग कर ली है। इसके अलावा कांवड़ लेकर आने वाले भक्तों की सेवा के लिए लगाए जाने वाले शिविर के लिए भी टेंट हाउस, जनरेटर और हलवाइयों की बुकिंग हो चुकी है। कांवड़ के लिए जिले में करीब 200 से अधिक जगहों पर छोटे बड़े शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 23 जुलाई तक लगाए जाएंगे।

फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से हजारों की संख्या लोग कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और गोमुख जाने के लिए निकल चुके हैं। कई कांवड़िये जिले में प्रवेश कर चुके हैं, तो कुछ 15 जुलाई के बाद आने शुरू हो जाएंगे। उन कांवड़ यात्रियों के लिए जिले में शिविर लगाने का कार्य शुरू हो गया है। यह शिविर आगरा नहर के किनारे बनी सड़क के किनारों के साथ नेशनल हाईवे व सेक्टरों व मंदिरों के अंदर लगाए जाएंगे।

पहले से कर ली टेंट, हलवाई की बुकिंग

कांवड़ भक्तों की सेवा के लिए जगह जगह शिविरों का आयोजन किया जाता है। जिसके लिए लोगों ने टेंट हाउस और जनरेटर संचालकों को पहले से ही बुक कर लिया है। साथ ही जिले के छोटे बड़े सभी हलवाई 15 जुलाई से 23 जुलाई तक बुक कर लिए गए हैं। मोहना रोड मार्केट के प्रधान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा से टेंट हाउस, हलवाई और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को भी काम मिल रहा है। शादियों का सीजन बंद होने के बावजूद कांवड़ यात्रा से व्यापारियों को काफी राहत मिलती है।

डाक कांवड़ के लिए डीजे हैं पहले से बुक

जिले से डाक कांवड़ 20 जुलाई को हरिद्वार के लिए रवाना होगी। उस डाक कांवड़ के लिए भक्तों की ओर से पहले से ही डीजे की बुकिंग कर ली गई है। डीजे मालिक धीरज ने बताया कि शादियों का सीजन खत्म होने के बाद उनका काम पूरी तरह से ठप हो गया था लेकिन अब कांवड़ के चलते उनका काम कुछ दिनों के लिए दोबारा से शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि जो छोटे डीजे वाले हैं वह शिविरों में अपनी सेवाएं देते हैं। वहीं बड़े डीजे को डाक कांवड़ के लिए एक महीने पहले ही बुक कर लिया था। यह बुकिंग 10 हजार से लेकर 15 हजार तक होती है।

Next Story