Faridabad: साइबर ठगों के लिए बैंक खाते की व्यवस्था करने वाला बीए छात्र गिरफ्तार

फरीदाबाद: साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने के आरोप में बीए छात्र को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राम जाखड़ राजस्थान जोधपुर का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि इसने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके खाताधारक अजय का बैंक खाता सुभाष से लेकर साइबर ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के जरिये 84 हजार रुपये की ठगी के मामले में यह कार्रवाई की गई है। ठगी की यह वारदात सेक्टर-25 निवासी व्यक्ति से हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 13 मई को इंस्टाग्राम पर उसे एक विज्ञापन दिखा जिसमें हर दिन टास्क पूरे कर घर बैठे कमाई का आॅफर था। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। होटल लाइक करने की टास्क देकर 150 रुपये इन्हें दिए गए। बाद में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 84500 रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।





