Faridabad: पत्नी की हत्या के बाद शव को सोखता गड्ढे में छिपाया

फरीदाबाद: पल्ला थाना क्षेत्र की रोशन नगर कॉलोनी में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां विवाहिता तन्नू राजपूत की हत्या के बाद उसके शव को गली में सोखता के लिए खोदे गए गड्ढे में दबा दिया गया। दो दिन बाद पति अरुण सिंह ने थाने में जाकर उसे मंदबुद्धि बताकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। लगभग 2 महीने बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी बुलवाकर गड्ढा खुदवाया तो 10 फीट नीचे महिला का शव मिला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मृतका का पति, सास व ननद यहां नहीं मिले हैं। ससुर भूप सिंह को हिरासत में लेकर टीम पूछताछ कर रही है। गुमशुदगी की एफआईआर में हत्या की धारा जोड़ी गई है।
रोशन नगर सी ब्लॉक के गली नंबर 1 के मकान नंबर 618 निवासी अरुण सिंह ने 25 अप्रैल 2025 को पल्ला थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि 24 अप्रैल को उनकी पत्नी तन्नू राजपूत घर से बिना बताए चली गई है। आसपास व रिश्तेदारी में तलाश किया लेकिन नहीं मिली। तन्नू की उम्र 24 साल बताई गई है। मामले में पल्ला थाना पुलिस ने गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की। अरुण का परिवार मैनपुरी (यूपी) का मूल निवासी है। अरुण और उसके पिता नवीन नगर में ही दुकान चलाते हैं। परिवार में भूप सिंह के अलावा पत्नी सोनिया, बेटी काजल, बेटा अरुण सिंह व अरुण की पत्नी तन्नू थे। अरुण और तन्नू की शादी दो साल पहले हुई थी। तन्नू फिरोजाबाद (यूपी) के शिकोहाबाद निवासी हाकिम की बेटी थी।
हाकिम ने बताया कि बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। इसके चलते लगभग एक साल तक तन्नू उनके घर रही। पंचायत होने के बाद तन्नू को ससुराल भेजा गया था। हाकिम के अनुसार तन्नू के घर से चले जाने की सूचना के बाद वे भी यहां आए। घर के सामने ताजा खुदे गड्ढे और उसे पक्का न कराने को लेकर पड़ोसियों ने शक जताया था। इस पर उन्होंने भी पल्ला थाना पुलिस व नवीन नगर चौकी को इस बारे में शक जताया। लेकिन पुलिस ने इस पर ध्यान ही नहीं दिया। शुक्रवार को जब गड्ढे को खोदा गया तो उसमें शव मिला।





