
फरीदाबाद: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने खाता धारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जैन कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी, जिसमें आरोप लगाया कि उसके पास व्हाट्सएप पर मोतीलाल ओसवाल ऐप का लिंक आया। जिस पर उसने ठगों के कहे अनुसार निवेश करना शुरू किया। उसने शेयर व आईपीओ के लिए कुल तीन लाख 95 हजार 350 रुपए का निवेश किया और फिर निवेश कराने के बाद ठगों ने उसके खाते को बंद कर दिया।
शिकायत पर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना ने कार्रवाई करते हुए प्रकाश चौधरी (27) निवासी गांव डांगीवास, जोधपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि प्रकाश चौधरी ठगों के लिए खाता उपलब्ध कराता था। आरोपी बी टेक पास है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।





