हरियाणा

Faridabad: मकान के जाली कागज तैयार कर बेचने का आरोप, दंपती ने की शिकायत

Admindelhi1
12 Jun 2025 10:09 AM GMT
Faridabad: मकान के जाली कागज तैयार कर बेचने का आरोप, दंपती ने की शिकायत
x

फरीदाबाद: अमेरिका में रह रहे दंपती के मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने और कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में ये आरोप अपने ससुर, ननद व मकान खरीदने वाले व्यक्ति पर लगाए हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-31 थाना पुलिस ने साजिश के तहत ठगी व धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को ये शिकायत सेक्टर 31 निवासी महिला शुभ्रा गुप्ता ने दी है। महिला का कहना है कि वो अपने पति विवेक गुप्ता के साथ अमेरिका में रहती है। उनके पति विवेक गुप्ता का सेक्टर-31 में मकान है। वह इस पर साल 2009 से मालिक व काबिज हैं। इसकी देखरेख के लिए ससुर कुलभूषण गुप्ता को 18 नवंबर 2011 में अधिकृत किया गया था। दंपती अक्सर सपरिवार फरीदाबाद आकर इसी मकान में रहते हैं। साल 2022 में महिला की सास के निधन पर परिवार समेत फरीदाबाद आए तो पता चला कि कुछ लोग मकान पर गैर कानूनी रूप से कब्जा करना चाहते हैं। इसके बाद पति ने ससुर के नाम अधिकृत लेटर को 25 सिंतबर 2022 को खारिज कर दिया था।

महिला का आरोप है कि ये खारिज कराने के बाद भी ससुर व ननद रेखा ने मिलकर मकान को फर्जी दस्तावेज तैयार कर बृजानंद नागर को बेच दिया है। वो मकान पर कब्जा कर रहा है। महिला के अनुसार मकान की देखरेख के लिए ससुर को हटाकर अपने भाई को अधिकृत किया था। लेकिन आरोपियों ने बृजानंद सागर को 65 लाख रुपये में मकान बेच दिया। महिला का भाई यहां गया तो बृजानंद नागर ने मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

Next Story