हरियाणा

Faridabad: लापता बच्चों का झांसा देकर ठगी का मामला

Admindelhi1
30 April 2026 4:24 PM IST
Faridabad: लापता बच्चों का झांसा देकर ठगी का मामला
x

फरीदाबाद: गांव सीही में किराये पर रहने वाले दो नाबालिग लडक़ों के घर से अचानक गायब होने का मामला सामने आया। हैरानी की बात यह है कि लडक़ों की तलाश में परेशान परिजनों के साथ ठगी की घटना भी हो गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने लडक़ों का पता बताने के नाम पर उनके पिता से 10 हजार रुपये ठग लिए। हालांकि दो दिन बाद दोनों नाबालिग खुद ही घर वापस लौट आए।

जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय अनीश कुमार के पिता बलराम ने गुरुवार को बताया कि वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और फरीदाबाद के गांव सीही में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 26 अप्रैल की शाम को उनका बेटा अनीश अपने दोस्त 17 वर्षीय विक्की के साथ घर पर मोबाइल में गेम खेल रहा था। शाम को दोनों अचानक घर से कहीं चले गए। देर रात तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

अनहोनी की आशंका में पूरा परिवार दहशत में रहा। अगले दिन बलराम सेक्टर-8 पुलिस चौकी में लडक़ों के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को दोनों के फोटो भी दिए गए। साथ ही परिजनों ने बच्चों की जानकारी के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक सोशल मीडिया यूट्यूबर से दोनों लडक़ों के गायब होने की सूचना डलवाई। पोस्ट में अनीश के पिता बलराम का मोबाइल नंबर भी दिया गया, जिससे पता बताने वाला उनसे संपर्क कर सके। बलराम ने बताया कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने दावा किया कि उसे पता है दोनों लडक़े कहां हैं, लेकिन जानकारी देने के बदले पैसे मांगे।

परेशान पिता उसके झांसे में आ गए और उसके बताए गए बैंक खाते में 10 हजार रुपये डाल दिए। जैसे ही पैसे खाते में पहुंचे, उस व्यक्ति ने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और दोबारा संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद बलराम ने इस ठगी की शिकायत भी पुलिस से की।

Next Story