
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला के ढली में हरियाणा से आई हिसार पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह के सदस्य को पकड़ा है। हिसार पुलिस की टीम ने गुपचुप तरीके से गिरफ्तारी को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के कमरे से लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन समेत कुछ नकली नोट भी बरामद किए हैं। पुलिस इन्हें कब्जे में लेकर अपने साथ ले गई है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सुंदरनगर के गांव मुंडखर निवासी नवनीत के रूप में हुई है। नवनीत संजौली के नागदेवा भवन में किराए के कमरे में रह रहा था। हिसार पुलिस ने इस मामले में कुछ दिन पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने शिमला पहुंच कर उसे गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि नवनीत ने मकान मालिक को अपना नाम अबन बताया था। उसने कहा था कि वह स्टूडेंट है। कमरे के अंदर वह नकली नोट छापने का काम करता था। पुलिस को गिरोह में कुछ अन्य युवकों के भी शामिल होने का अंदेशा है। SP मोनिका भटूंगुरु ने बताया कि हिसार पुलिस की टीम ने शिमला में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिमला पुलिस को बताया गया था कि वह नकली नोट छापने का काम करता था। इस मामले की जांच हिसार पुलिस कर रही है।