Factory मालिक से 50 लाख की रंगदारी, बदमाशों ने की चार जगह फायरिंग

JIND.जींद मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार रात चार जगहों पर फायरिंग की। करीब डेढ़ घंटे में बदमाशों ने जींद के शुगर मिल, खटकड़ टोल प्लाजा, उचाना में पाइप फैक्ट्री और बीज भंडार के पास फायरिंग की। पाइप फैक्ट्री पर फायरिंग करने के बाद उन्होंने इसके मालिक से फोन पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। बदमाशों ने धमकी दी है कि वे धोला खटकड़ गिरोह के सदस्य हैं। चार जगहों पर फायरिंग से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। बुधवार सुबह विधायक देवेंद्र अत्री मौके पर पहुंचे और दुकानदारों से बातचीत की। नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार रात करीब सात बजे शुगर मिल के पास जींद-उचाना रोड पर पैदल जाते समय फायरिंग की। इसके बाद वे गांव खटकड़ स्थित महेंद्र पाइप फैक्ट्री में घुसे और तीन गोलियां चलाईं। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री मालिक अभिषेक जैन को व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी
इसके कुछ देर बाद ही खटकड़ टोल स्थित कार्यालय के बाहर तीन गोलियां चलाईं। इसके बाद बदमाश उचाना मंडी स्थित श्री बालाजी बीज भंडार के बाहर पहुंच गए। वहां उन्होंने सड़क से ही दुकान के अंदर फायरिंग की।दुकान मालिक सुरेंद्र गर्ग और उनके बेटे ने काउंटर के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाश दुकान में घुस गए और पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। बदमाश करीब डेढ़ घंटे तक फायरिंग करते रहे, लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई।फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी कुलदीप सिंह, डीएसपी संजय कुमार क्राइम ब्रांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उचाना थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और रंगदारी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।





