हरियाणा

हिसार में रंगदारी का मामला, व्यापारी और बेटे से मांगे पांच करोड़

Admindelhi1
18 Oct 2026 4:42 PM IST
हिसार में रंगदारी का मामला, व्यापारी और बेटे से मांगे पांच करोड़
x
व्यापारी व बेटे से पांच करोड़ मांगने का मामला सामने आया

हिसार: शहर के कारोबारियों से एक के बाद एक रंगदारी मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में अर्बन एस्टेट निवासी प्रमुख व्यापारी आनंद गोयल और उनके बेटों को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज भेजकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है।

फोन करने वाले ने खुद को रोहित गिरोह का सदस्य बताया है। मात्र 15 दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन लोगों से रंगदारी मांगने की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सहमा हुआ है और सुरक्षा को लेकर दहशत में है। इससे पहले 29 सितंबर को आनंद गोयल के भाई और पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से भी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पखवाड़े भर के भीतर एक ही परिवार के भाइयों और भतीजों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में रोष है। डर के कारण पीड़ित परिवार फिलहाल मीडिया के सामने आने से बच रहा है। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग शुक्रवार को पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

व्यापारी नेता बजरंग गर्ग ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आनंद गोयल ने रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर को शाम करीब 4:20 बजे आनंद गोयल अपने बेटों अनिरुद्ध और अर्पित के साथ गांव चौधरीवास स्थित अपनी फैक्टरी में थे। इसी दौरान तीनों के मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को रोहित फतेहपुरिया बताते हुए कहा कि उनके भाई प्रमोद कुमार से पांच करोड़ रुपये मांगे गए हैं। रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई।

आरोप है कि कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कॉल कटने के कुछ देर बाद आनंद गोयल के व्हाट्सएप पर रिकॉर्डेड वॉइस मैसेज भी भेजा गया। आनंद गोयल ने इस संबंध में आजाद नगर थाना पुलिस को शिकायत दी है।

कई कारोबारियों से मांगी जा चुकी है रंगदारी

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहर में थोड़े-थोड़े अंतराल पर व्यापारियों और कारोबारियों से रंगदारी मांगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले दिनों आदमपुर के एक व्यापारी से 25 करोड़ रुपये, एक अन्य व्यापारी से दो करोड़ रुपये, थोक कपड़ा व्यापारी से पांच करोड़ रुपये और बिल्डर सुरेंद्र जांगड़ा से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले सामने आ चुके हैं।

गर्ग ने कहा कि 29 सितंबर को पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। अब मात्र 15 दिनों के भीतर उनके भाई और भतीजों से भी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद करने की चेतावनी

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने प्रमोद गोयल और आनंद गोयल से रंगदारी मांगने के मामलों में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया, तो व्यापारी हिसार सहित पूरे हरियाणा में बाजार बंद कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी जेलों और विदेशों में बैठकर भी कारोबारियों को धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से व्यापारियों और उद्योगपतियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

गर्ग ने कहा कि फिरौती मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में धमकी भरे रिकॉर्डेड वॉइस मैसेज की आवाज की जांच करवाई गई, तो वह उस व्यक्ति की आवाज नहीं निकली, जिसका नाम लेकर धमकी दी गई थी। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

Next Story