हरियाणा

हिंसा मामले में डेरा चेयरपर्सन सहित 6 आरोपियों को कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से छूट

Kunti Dhruw
2 April 2022 6:15 PM GMT
हिंसा मामले में डेरा चेयरपर्सन सहित 6 आरोपियों को कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से छूट
x
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को साध्वी यौन शोषण केस में सजा के बाद भड़की हिंसा मामले में सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को साध्वी यौन शोषण केस में सजा के बाद भड़की हिंसा मामले में सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई। न्यायालय में सुनवाई के दौरान 47 आरोपियों में से 41 पेश हुए। डेरा के नवनियुक्त चेयरमैन पृथ्वीराज नैन सहित 6 आरोपियों ने न्यायालय में आवेदन देकर व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी। इसे स्वीकार कर लिया गया है। अब आगामी सुनवाई 9 जून 2022 को होगी। अगली पेशी पर न्यायालय आरोपियों पर लगे चार्ज फ्रेम को लेकर बचाव पक्ष की दलील सुनेगा।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पूजा सिंगला के न्यायालय में सुनवाई हुई। इस मामले में 8 आरोपी ऐसे हैं जिनका अभी तक कुछ भी सुराग नहीं लग पाया है। इन आरोपियों को कोर्ट ने भगौड़ा घोषित किया हुआ है। हिंसा व देशद्रोह के इन आरोपियों में से मुख्य आरोपी वांटेड आदित्य इंसां के खिलाफ पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम रखा हुआ। आदित्य इंसां को पकड़वाने वाले को पुलिस विभाग ये राशि देगा। इसके अलावा फरार वांटेड आरोपियों में प्रीत नगर निवासी सतविंद्र सिंह, मलोट निवासी नवदीप, महाराष्ट्र निवासी अभिजीत व डेरा सच्चा सौदा निवासी गुरप्रीत सिंह शामिल है।

69 लोगों की गवाही पर टिका है केस
हिंसा मामले में सिरसा पुलिस की ओर से 900 पेजों का चालान पेश किया गया है। पूरे प्रकरण में 69 लोगों को सरकारी गवाह बनाया गया है। इसमें पुलिस के ऑफिसर, कर्मचारी व अन्य लोग शामिल हैं। ये पूरा मामला इन 69 लोगों की गवाही पर टिका हुआ है। हिंसा के दौरान सिरसा में छह उपद्रवियों की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी।

कोर्ट का फैसला आते ही भड़की थी हिंसा
25 अगस्त 2017 को साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सीबीआई कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी कर दिया था। कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद पंचकूला व सिरसा में हिंसा हुई। हिंसा के दौरान सैकड़ों वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। सिरसा में बेगू बिजली घर और वीटा मिल्क प्लांट में पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई। उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला किया और बचाव में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग में 6 लोगों की मौत हो गई।


Next Story