हरियाणा

बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे कर्मचारियों से बदसलूकी और मारपीट

Admindelhi1
30 Oct 2026 9:45 AM IST
बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे कर्मचारियों से बदसलूकी और मारपीट
x
नारनौल में बिजली विभाग के कर्मचारियों से मारपीट, आरोपी पर कार्रवाई

नारनाैल: जिले के गांव सिसोठ में बिजली चोरी की जांच करने गई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम के साथ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में महेंद्रगढ़ सीआईए टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सिसोठ निवासी गजराज के रूप में हुई है।

डीएसपी डॉ. कविता ने गुरुवार को बताया कि डीएचबीवीएन के महेंद्रगढ़ उपमंडल अधिकारी ने थाना सदर महेंद्रगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 21 सितंबर को सुबह निगम की टीम बिजली चोरी की शिकायत पर गांव सिसोठ में जांच करने गई थी। टीम में जेई सीताराम, एएफएम अजीत और एएलएम अंकित व धर्मवीर शामिल थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि निगम की टीम एक मकान में बिजली चोरी की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के मुताबिक, कर्मचारियों के मोबाइल फोन, सरकारी दस्तावेज और अन्य सामान भी छीन लिया गया। इसके अलावा निगम की सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया। घटना में कर्मचारियों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।

डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना सदर महेंद्रगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटना में क्षतिग्रस्त सरकारी वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने आरोपी गजराज को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाकर उनका सत्यापन कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story