मनसा देवी से काली माता मंदिर तक दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, CM सैनी ने दिखाई हरी झंडी

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंचकूला में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से श्रद्धालु एक ही रूट पर चार प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
नई बस सेवा श्री माता मनसा देवी मंदिर से शुरू होकर चंडी माता मंदिर और पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित श्री काली माता मंदिर तक संचालित होगी। इससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग मंदिरों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों या अन्य परिवहन साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
प्रतिदिन लगाएंगी छह चक्कर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू की गई दोनों इलेक्ट्रिक बसें प्रतिदिन छह चक्कर लगाएंगी। बस सेवा को पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है, जिससे प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसे मोबाइल से स्कैन करके बस की वास्तविक लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
बुजुर्गों और महिलाओं को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला मां शक्ति की उपासना का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पहले अलग-अलग धार्मिक स्थलों तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन करना मुश्किल होता था।
बस टर्मिनल का भी उद्घाटन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेक्टर-5 स्थित हरियाणा राज्य परिवहन के नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। सरकार की इस पहल से पंचकूला के धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ श्रद्धालुओं को सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने की उम्मीद है।





