हरियाणा

आठ युवकों ने मिलकर चरवाहे पर किया हमला, एक गिरफ्तार

Admindelhi1
31 Oct 2026 10:48 AM IST
आठ युवकों ने मिलकर चरवाहे पर किया हमला, एक गिरफ्तार
x
युवक पर आठ लोगों के हमले का आरोप, पुलिस ने एक को पकड़ा

हिसार: जिले के बालसमंद पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव डोभी में गोचर भूमि पर भेड़ें चरा रहे एक युवक पर आठ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे आठ हमलावर

बालसमंद पुलिस चौकी में दर्ज शिकायत के अनुसार, डोभी में रह रहे बीरन निवासी सोहन लाल गांव के बाहर गोचर भूमि में अपनी भेड़ें चरा रहे थे। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आठ युवक वहां पहुंचे और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान उनका बायां हाथ टूट गया और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालसमंद चौकी के जांच अधिकारी एचसी कुलदीप के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।

नामजद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए खासा महाजन निवासी नामजद आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Next Story