हरियाणा

ई-दिशा केंद्र के ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

Admindelhi1
30 Sept 2026 10:42 AM IST
ई-दिशा केंद्र के ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
x
रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ ई-दिशा केंद्र का ऑपरेटर

हिसार: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर विजेंद्र को 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

ब्यूरो सूत्रों के अनुसार ऋषि नगर निवासी विनोद ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ माह पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद वह हरियाणा सरकार की योजना के तहत विधुर पेंशन के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर रहा था। आरोप है कि ई-दिशा केंद्र का कंप्यूटर ऑपरेटर विजेंद्र उसके दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में आनाकानी कर रहा था।

शिकायत के अनुसार विजेंद्र ने काम करने की एवज में विनोद से 2500 रुपये की मांग की। इसके बाद विनोद ने मामले की शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी। शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई भरत लाल, एसआई गीता, एएसआई वीरेंद्र और महिला सिपाही सुनैना शामिल रहे।

ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा। जैसे ही विजेंद्र ने विनोद से 2500 रुपये लिए, इशारा मिलते ही टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Next Story