हरियाणा

नूंह जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया दशहरा, रावण दहन आकर्षण का केंद्र

Admindelhi1
21 Oct 2026 10:35 AM IST
नूंह जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया दशहरा, रावण दहन आकर्षण का केंद्र
x
विजयदशमी पर नूंह में दिखा उत्साह, धूमधाम से हुआ रावण दहन

नूंह: जिलेभर में मंगलवार को विजय दशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रामलीलाओं का आयोजन किया गया और आकर्षक शोभायात्राएं निकाली गईं। नूंह शहर सहित तावड़ू, पुन्हाना, नगीना, फिरोजपुर झिरका और उजीना क्षेत्र में भी दशहरा पर्व की धूम रही। जगह-जगह रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया गया।

विजय दशमी के अवसर पर सुबह से ही बाजारों में अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। घरों में लोगों ने चौक पर रंगोली बनाकर गोबर से रावण की आकृति तैयार की और उसका पूजन किया। वहीं, विभिन्न रामलीला कमेटियों की ओर से निकाली गई शोभायात्राओं में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और अन्य पात्रों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं।

नूंह स्थित सरदार जीएस मलिक मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में भी रावण के पुतले का दहन किया गया। दशहरा पर्व के दौरान जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मेले और शोभायात्राओं में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने कहा कि विजय दशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम द्वारा लंकापति रावण का वध किए जाने की स्मृति में मनाया जाता है। भगवान श्रीराम ने अपने बाणों से रावण के दस सिरों का अंत कर बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित की थी।

इस अवसर पर जयभारत रामलीला क्लब तावड़ू से जुड़े राजीव गर्ग, जय हनुमान रामलीला क्लब उजीना से इंद्रपाल, श्री विजय सदासुख रामलीला कमेटी नूंह से नरेंद्र पटेल, सरदार जीएस मलिक, आदर्श रामलीला कमेटी से देवेंद्र सैनी, राधेश्याम शर्मा और जेपी शर्मा सहित श्री भगवान सदासुख रामलीला कमेटी, पुरानी अनाज मंडी के प्रधान विष्णु सिंगला, उपप्रधान संजय सक्सेना तथा उस्ताद मास्टर देवीलाल ने पर्व की महत्ता बताते हुए लोगों से बुराइयों को त्यागने और समाज में सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

Next Story