हरियाणा

महर्षि वाल्मीकि के विचारों से लें जीवन की प्रेरणा: राजरानी मल्होत्रा

Admindelhi1
27 Oct 2026 9:52 AM IST
महर्षि वाल्मीकि के विचारों से लें जीवन की प्रेरणा: राजरानी मल्होत्रा
x
ज्ञान और समाज सेवा की राह दिखाता है वाल्मीकि का जीवन: राजरानी मल्होत्रा

गुरुग्राम: संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन गुरुग्राम की ओर से सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय, गुरुग्राम में आयोजित समारोह में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

समारोह में महर्षि वाल्मीकि के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त सनातन समाज और मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी महान रचना रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पीढिय़ों से समाज को मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और सदाचार की शिक्षा दे रही है। माता सीता को अपने आश्रम में आश्रय देकर उन्हें पिता जैसा स्नेह देने और लव-कुश को श्रेष्ठ संस्कार एवं शिक्षा प्रदान करने का उनका प्रसंग करुणा, संवेदनशीलता और गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम उदाहरण है।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। कठोर तपस्या, ज्ञान और साधना के बल पर उन्होंने भारतीय साहित्य को अमूल्य धरोहर प्रदान की। आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण आज भी समाज को मर्यादा, संस्कार और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

माता सीता को अपने आश्रम में आश्रय देना और लव-कुश का पालन-पोषण कर उन्हें श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करना उनके महान व्यक्तित्व को दर्शाता है। गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण के बिना शहर को स्वच्छ रखना संभव नहीं है। उन्होंने स्वच्छता कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका संघ के पूर्व प्रदेश प्रमुख बसंत कुमार तथा पूर्व जिला प्रमुख राजेश कुमार ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के संयुक्त निगम आयुक्त प्रीतपाल, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार तथा वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Next Story