हरियाणा

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने का डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया आह्वान

Admindelhi1
12 Nov 2026 4:38 PM IST
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने का डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया आह्वान
x
महाराजा अग्रसेन के विचारों में समरसता और सहयोग का संदेश

हिसार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा है कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सामाजिक समरसता, सहयोग और परस्पर सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके आदर्श समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता बुधवार को जिले के मंडी आदमपुर में अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने इस स्वागत और सम्मान के लिए घीसाराम जैन तथा समस्त अग्रवाल समाज का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन की विचारधारा सामाजिक एकता, परस्पर सहयोग और सबके कल्याण पर आधारित थी। उनके सिद्धांत आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों में भी अंत्योदय, सामाजिक समरसता और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान की भावना निहित है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता से ही विकसित एवं समृद्ध हरियाणा का संकल्प साकार होगा। इस दिशा में सामाजिक संस्थाओं और संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री वेद फूलां, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य, मेयर प्रवीण पोपली, सरोज सिहाग, ज्योति बैंदा, घीसाराम जैन, तरसेम गोयल, राजकुमार बंसल, मांगेराम गर्ग, श्यामलाल जैन, पुनीत गोयल, मुनीष ऐलावादी, जिला प्रवक्ता पीयूष महता, मुनीश गोयल (बरवाला) आदि उपस्थित रहे।

Next Story