हरियाणा

नारनौल में डॉ. अभय सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया

Admindelhi1
1 Oct 2026 6:55 PM IST
नारनौल में डॉ. अभय सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया
x
नारनौल में विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित किया

नारनाैल: हरियाणा सरकार के पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थी जीवन बेहद अनमोल होता है और यह समय दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को इस दौर का सदुपयोग करते हुए सही दिशा में मेहनत करनी चाहिए। मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने वाला विद्यार्थी जीवन में सफलता जरूर हासिल कर सकता है। पूर्व मंत्री गुरुवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों ने अपने शुरुआती जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इसके बावजूद उन्होंने संघर्ष और मेहनत के दम पर सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, मेहनत और दृढ़ संकल्प से उन्हें अपने अनुकूल बनाया जा सकता है।

पूर्व मंत्री ने विद्यार्थियों से मर्यादा और अनुशासन में रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने बुजुर्गों और शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए तथा उनके अनुभव और बताए मार्ग से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच भी विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. यादव ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार के नशे की लत युवाओं में तेजी से फैल रही है। नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को प्रभावित करने के साथ समाज और देश की प्रगति में भी बाधा बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की।

Next Story