हरियाणा

डॉक्टरों ने खाने में जहरीला पदार्थ मिले होने की जताई आशंका

Admin4
28 Feb 2023 7:25 AM GMT
डॉक्टरों ने खाने में जहरीला पदार्थ मिले होने की जताई आशंका
x
चंडीगढ़। हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाने वाली महिला कोच व उसकी बहन की तबियत बिगडऩे के कारण पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। महिला कोच व परिजनों ने उसकी सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों पर ही खाने में जहर मिलाकर मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। महिला कोच के पिता ने इस मामले में कई सवाल उठा दिए हैं। इस बीच संदीप सिंह प्रकरण का लेकर राजनीति भी तेज हो गई है।
हरियाणा खेल विभाग में तैनात महिला कोच ने पिछले साल 29 दिसंबर को हरियाणा के तत्कालीन खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था। जिसके बाद 31 दिसंबर को चंडीगढ़ पुलिस ने संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक जनवरी को संदीप सिंह ने खेल विभाग छोड़ दिया था। अब संदीप सिंह हरियाणा में प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग का जिम्मा संभाल रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में अभी तक न तो कोई कार्रवाई की है और न ही जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है। इस बीच पंचकूला में रह रही महिला कोच व उसकी बहन की दो दिन पहले शनिवार की रात अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे चंडीगढ़ के सैक्टर-32 मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के बाद हालात सामान्य होने पर रविवार की रात उसे पीजीआई से छुट्टी तो मिल गई लेकिन महिला कोच के साथ रह रही उसकी बहन की तबियत में सुधार नहीं होने के कारण उसे अभी जीएमसीएच में ही रखा गया है। पीजीआई के चिकित्सकों ने दावा किया है कि महिला कोच के खाने में जहरीला पदार्थ होने के कारण ही तबियत बिगड़ी है।
महिला कोच का दावा है कि जिस घर में वह रह रही है वह काफी छोटा है। जिस कारण उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी घर की रसोई में ही सोती है। कोच ने आशंका जताई है कि उसके खाने में साजिश के तहत जहर मिलाया गया है। महिला कोच ने बताया कि डॉक्टर ने उसे बताया कि उन्हें कुछ जहरीला पदार्थ खाए जाने का संदेह है। पीडि़त महिला कोच ने बताया कि न केवल उसकी बल्कि उसकी छोटी बहन जो उसके साथ रहती है इन दोनों की हालत अचानक काफी खराब हुई है, जिसके चलते उसे सिक्योरिटी पर संदेह हो रहा है।
इस बीच महिला कोच के पिता ने इस पूरे घटनाक्रम में साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से छोटी बेटी को पंचकूला में छोड़ा था। अचानक दोनो बेटियों की तबियत बिगडऩा किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। कोच के पिता के अनुसार पूरी सरकार संदीप सिंह को बचाने में जुटी है। जिससे उनकी बेटी मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रही है।
महिला कोच के पिता ने कहा कि संदीप सिंह पूरी कानूनी प्रक्रिया को बिगाड़ रहे हैं और अपने मंत्री पद के चलते पुलिस पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी दोनों बेटियों को अपने साथ लेकर जा रहे हैं खुद ही उनका इलाज करवाएंगे।
Next Story