हरियाणा

सोनीपत में जिला युवा महोत्सव की धूम, 485 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:11 AM IST
सोनीपत में जिला युवा महोत्सव की धूम, 485 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
x
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का संदेश, सोनीपत में भव्य युवा महोत्सव

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में गुरुवार को 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' थीम पर जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में आयोजित इस महोत्सव में करीब 485 युवा प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हरियाणवी लोकनृत्य, गीत, नुक्कड़ नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

महोत्सव में सामूहिक हरियाणवी लोकनृत्य, सामूहिक गीत, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक वाद्य संगीत, कविता लेखन और चित्रकला सहित छह विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने पारंपरिक हरियाणवी वेशभूषा में लोकनृत्य और गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

वहीं, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से युवाओं के व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा देश के विकास में लगाने का आह्वान किया।

मंत्री ने प्रतिभागियों को 'मेरा युवा भारत' पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विकसित हरियाणा तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 से आयोजित किया जा रहा यह महोत्सव युवाओं को अपनी कला और कौशल दिखाने का अवसर प्रदान कर रहा है।

जिला युवा समन्वयक अधिकारी एवं आईटीआई प्राचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा महोत्सव की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य और इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित डॉ. संतराम देशवाल, प्रो. राजकला, नगराधीश सिमरन, भाजपा महामंत्री तरुण देवीदास, मेजर संजय श्योराण सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Next Story