नूंह के मालब में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता, 14 पीएम श्री स्कूलों ने लिया हिस्सा

नूंह: पीएम श्री योजना के तहत विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मालब में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के 14 पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा दिखाई।
जिला परियोजना समन्वयक योगेश चंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी मनबीर और विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अरशद ने किया। समापन समारोह में योगेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सहायक परियोजना समन्वयक सतीश कुमार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और 4×100 मीटर रिले सहित आठ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से बारह तक के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश पांडेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे अनुशासन, टीम भावना, सहयोग और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।





