हरियाणा

जींद में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा पर दिया धरना

Admin Delhi 1
8 Sep 2022 1:03 PM GMT
जींद में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं, रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा पर दिया धरना
x

जींद रोडवेज न्यूज़: रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के आह्वान पर वीरवार रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम रखा। रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा पर धरना दिया और कुंडली बॉर्डर पर थार सवार लोगों द्वारा रोडवेज चालक जगबीर की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस कार्यशैली पर सवार खड़े करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता व एक सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाए जाने की मांग की। रोडवेज बसों का चक्का जाम रहने के चलते यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री बस अड्डा तो पहुंचे लेकिन उन्हें रोडवेज बसों की सुविधा उपलब्ध नहीं हुई। जिस पर उन्हें मजबूरन निजी बसों तथा निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

बस अड्डा पर धरना देकर रोष जताया, की जमकर नारेबाजी

हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त सांझा मोर्चा के नेता अनूप लाठर, आजाद गिल, संदीप रंगा, बिजेंद्र सांगवान, अशोक गोरिया, सुशील ईक्कस, जितेंद्र लाठर, राजेंद्र शर्मा, संदीप रंगा, राजकुमार रधाना, सुदर्शन लाठर, सज्जन कंडेला आदि ने कहा कि घटना को हुए काफी समय बीत चुका है लेकिन पुलिस चालक के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। घटना के रोष स्वरूप मृतक का बेटा भी आत्महत्या कर चुका है। ऐसे में प्रदेश की रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की कार्यकारणी द्वारा आठ सितंबर को प्रदेश भर में हड़ताल करने का निर्णय लिया गया था। जिसके रोष स्वरूप बस अड्डा से एक भी बस को बाहर नहीं निकलने दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक चालक के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।

हजारों यात्रियों को हुई परेशानी: जींद डिपो से 160 बसें इंटर स्टेट, इंटर डिस्ट्रिक्ट और लोकल रूटों पर चलती हैं। जिनमें 15 हजार से ज्यादा यात्री हर रोज सफर करते हैं। रोडवेज बसों के न चल पाने के कारण यात्रियों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वहीं जींद से नरवाना, गोहाना, असंध, बरवाला, हांसी, नरवाना रूट पर प्राइवेट बसों की संख्या ज्यादा है लेकिन जींद से रोहतक, जींद से कैथल, जींद से पानीपत और भिवानी रूटों पर प्राइवेट बसें न के बराबर हैं। इसलिए इन रूटों पर यात्रियों सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जींद डिपो के महाप्रबंधक अशोक कौशिक ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान किया है। उच्च अधिकारियों के निर्देशों की पालना की जा रही है।

Next Story