
नई दिल्ली। हरियाणा के जिला रोहतक की सुनारिया जेल में सजायाफ्ता डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को 40 दिन की पैरोल मंजूर हो गई है। शुक्रवार देर शाम तक डेरा प्रमुख सुनारिया जेल से बागपत स्थित बरनावा आश्रम पहुंच जाएगा।
डेरा प्रमुख के पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच कार से पहुंचने की संभावना है। डेरा प्रमुख के आने को लेकर आश्रम में तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि, इस बार डेरा प्रमुख के हेलीकाप्टर से भी बरनावा आने की संभावना जताई जा रही है। डेरे में लाइव प्रसारण के लिए टावर लगाकर कनेक्टिविटी बढ़ा दी गई है।आश्रम परिसर में लाइव प्रसारण के लिए एक वाईफाई टावर और एक निजी कंपनी का फोल्डेबल टावर लगाया गया है। इससे पूर्व डेरा प्रमुख 17 जून 2022 में 30 दिन के पैरोल पर बरनावा आश्रम आया था। 18 जुलाई 2022 को पैरोल पूरा होने के बाद यहां से सुनारिया जेल भेजा गया था।
बता दें कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 17 जून को एक माह के पैरोल पर बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में पहुंचा था। उनसे मिलने के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, उड़ीसा, उत्तरांचल आदि राज्यों से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचे थे। उन्होंने प्रवचन व अन्य धार्मिक कार्यक्रम किए थे। इससे रोड पर जाम लगा था। राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ा था। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने आश्रम को तीन नोटिस जारी किए थे।पुलिस का शिकंजा कसता देख गुरमीत सिंह ने श्रद्धालु से आनलाइन अपील की थी कि अपने घर पर रहकर ही प्रभु का स्मरण करें। इसके बाद ही श्रद्धालुओं का आश्रम में आना कम हुआ था। पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस 18 जुलाई को उन्हें जेल लेकर गई थी। गुरमीत सिंह को दोबारा से पैरोल मिल गया है। इसकी भनक लेते ही जहां एक तरफ बरनावा आश्रम में तैयारियां शुरू हो गई है, वहीं पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।
बागपत सीओ डीके शर्मा ने कहा कि गुरमीत सिंह शुक्रवार शाम तक रोहतक की सुनारिया जेल से बरनावा आश्रम पहुंच जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मुस्तैद है। आश्रम में लोगों को भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी।
