हरियाणा

महाराजा अग्रसेन के जीवन से छात्रों को परिचित कराने की मांग

Admindelhi1
8 Oct 2026 11:37 AM IST
महाराजा अग्रसेन के जीवन से छात्रों को परिचित कराने की मांग
x
बजरंग गर्ग ने की महाराजा अग्रसेन की जीवनी शामिल करने की मांग

हिसार: अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में अग्रोहा में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में वैश्य समाज के संगठन को मजबूत करने, समाज की सभी संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने तथा युवा और महिलाओं की सामाजिक संगठनों में भागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

बजरंग गर्ग ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार को महाराजा अग्रसेन की जीवनी को राष्ट्रीय स्तर पर सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से स्कूलों के बच्चों को पढ़ाना चाहिए। साथ ही महाराजा अग्रसेन की जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार को प्रदेश में महाराजा अग्रसेन के नाम पर विश्वविद्यालय बनाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी महाराजा अग्रसेन की जीवनी से शिक्षा लेकर उनके आदर्शों पर चल सके और राष्ट्र व जनता की सेवा में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि हर समाज में समानता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने वाले महान व्यक्तित्व थे। वैश्य समाज का व्यापार, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज की एकजुटता को मजबूत करने के लिए देश और प्रदेश में वैश्य समाज की सभी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

बजरंग गर्ग ने कहा कि सामाजिक संगठनों में युवा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए। युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और देश व प्रदेश की तरक्की में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि अग्रोहा धाम में महाराजा अग्रसेन की जयंती 11 अक्तूबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में राकेश अग्रवाल आगरा, राजेंद्र अग्रवाल नोएडा, सुनील गर्ग मेवात, मनीष गर्ग रेवाड़ी, राजकुमार महाजन ग्वालियर, विकास अग्रवाल जयपुर, शुभम बंसल पानीपत, नितिन गोयल भटिंडा, अशोक बंसल लुधियाना, पंकज गोयल शिमला, अभिनव गोयल यमुनानगर, अमरचंद गोयल नारनौल, अभिषेक अग्रवाल दिल्ली, महेश अग्रवाल मथुरा, पवन गर्ग, ऋषि राज गर्ग, अनंत अग्रवाल, आनंद गोयल, राजेंद्र बंसल, निरंजन गोयल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

Next Story