हरियाणा

दिल्ली पुलिस के जवान पर दहेज मांगने का आरोप, शादी के दिन टूटा रिश्ता

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:12 AM IST
दिल्ली पुलिस के जवान पर दहेज मांगने का आरोप, शादी के दिन टूटा रिश्ता
x
Hyundai Aura से नहीं भरा दूल्हे का मन, Brezza की मांग पर शादी में बवाल

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में शादी के दिन दहेज में मनपसंद कार नहीं मिलने पर बारात लौटने का मामला सामने आया है। लड़की पक्ष का आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे ने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार लेने से इनकार कर दिया और ब्रेजा गाड़ी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर वह करीब 30 बारातियों के साथ वापस लौट गया, जबकि दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप पर इंतजार करती रही।

रामनगर निवासी सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी हिना का रिश्ता छह महीने पहले गोहाना के गांधीनगर निवासी कुलदीप से तय हुआ था। शादी की तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई थी।

शिकायत के अनुसार, परिवार ने दूल्हे के लिए हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन दूल्हे ने कथित तौर पर इसे टैक्सी में चलने वाली गाड़ी बताकर लेने से मना कर दिया। इसके बाद ब्रेजा कार की व्यवस्था करने का प्रयास किया गया, लेकिन कम समय में गाड़ी नहीं मिल सकी।

लड़की के पिता का दावा है कि शादी की तैयारियों पर 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। करीब 1200 मेहमानों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने, फर्नीचर और अन्य सामान भी तैयार रखा गया था।

आरोप है कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी मां के साथ साधारण कपड़ों में पहुंचा और विवाद के दौरान गाली-गलौज की। लड़की पक्ष ने दूल्हे पर दिल्ली पुलिस में नौकरी का रौब दिखाने का भी आरोप लगाया है।

बारात लौटने के बाद लड़की के पिता ने डायल 112 पर सूचना दी और सेक्टर-27 थाने में शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story