हरियाणा

शव सफीदों रजबाहे से 17 वर्षीय किशोर का शव हुआ बरामद, हत्या का शक़

Admin Delhi 1
15 Sep 2022 10:57 AM GMT
शव सफीदों रजबाहे से 17 वर्षीय किशोर का शव हुआ बरामद, हत्या का शक़
x

जींद क्राइम न्यूज़: सफीदों के हाट रोड रजबाहे में मिली डेड बॉडी (Dead Body) की शिनाख्त गांव उरलाना कलां निवासी विशाल (17) के रूप में हुई है। विशाल 13 सितंबर से गायब था और मतलोडा थाना में अपहरण का पर्चा दर्ज था। मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल मतलोडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सफीदों के हाट रोड स्थित रजबाहा में वीरवार सुबह एक किशोर का शव गाद में धंसा हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। शिनाख्त न होने के कारण आसपास थाना इलाकों को सूचना दी गई। जिस पर मतलोडा थाना पुलिस तथा गांव उरलाना कलां निवासी सुरेश परिजनों के साथ सामान्य अस्पताल सफीदों पहुंचा जहां पर सुरेश ने शव की शिनाख्त अपने बेटे विशाल के रूप में की। मृतक के पिता सुरेश ने बताया कि उसका बेटा विशाल पानीपत आईटीआई में पढ़ता था। गत 13 सितंबर दोपहर बाद वह घर से गायब हो गया। तलाशने तथा पूछताछ करने पर उसके बेटे का कोई सुराग नहीं लगा। 14 सितंबर को मतलोडा थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था।

सुरेश ने आरोप लगाया कि गांव के ही साहिल ने उसके बेटे की कुछ अन्य लोगों के साथ मिल कर हत्या की है। पुलिस ने सुरेश की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम होने के बाद खुलासा हो सकेगा कि आखिर विशाल की मौत कैसे हुई। मतलोडा थाना के जांच अधिकारी प्रदीप ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज है। किशोर का शव बरामद हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद खुलासा हो सकेगा कि मृतक की मौत कैसे हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story