हिसार में डेयरी कर्मचारी पर हमला और वाहनों में तोड़फोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

हिसार: महाबीर कॉलोनी स्थित गणेश वाटिका में भैंसों की डेयरी में घुसकर कर्मचारी से मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान टिब्बा दानाशेर निवासी मंजीत, साहिल और नितिन के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता मोनू सैनी के अनुसार, तीनों युवक हथियार लेकर वाहनों और बिल्डिंग मैटेरियल के कार्यालय में तोड़फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और डेयरी में घुसकर सिर पर रॉड से हमला कर दिया। डेयरी मालिक के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घायल कर्मचारी की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एचटीएम थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गंडासा और तलवार बरामद की। हथियारों की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ दी गई है।





