हरियाणा

फरीदाबाद में साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
23 Nov 2026 5:33 PM IST
फरीदाबाद में साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
x
फोन हैक कर खाते से उड़ाए 2.27 लाख, दो आरोपी पहुंचे जेल

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर टेलीग्राम टास्क और मोबाइल फोन हैकिंग के जरिए दो लोगों से कुल 9 लाख 92 हजार 926 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पहले मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दिल्ली निवासी सुरेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी व्यक्ति को पार्ट टाइम नौकरी और टेलीग्राम टास्क के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर 7 लाख 65 हजार 839 रुपये निवेश कराए गए। इसके बाद पीड़ित को न मुनाफा मिला और न रकम वापस हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश के बैंक खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे।

दूसरे मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने गाजियाबाद निवासी सलमान और अरबाज को गिरफ्तार किया। आरोप है कि 18 जुलाई को तिगांव निवासी व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 2 लाख 27 हजार 87 रुपये निकाल लिए गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि सलमान ने अपना बैंक खाता अरबाज को दिया था, जिसने इसे आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। इस खाते में ठगी के 22 हजार रुपये आए थे।

पुलिस ने सुरेश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, जबकि सलमान और अरबाज को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Next Story