हरियाणा

कांग्रेस नेता राजेंद्र वाल्मीकि के बेटे की हत्या, देर रात अंधाधुंध फायरिंग में गई जान |

Kunti Dhruw
16 April 2022 7:15 AM GMT
कांग्रेस नेता राजेंद्र वाल्मीकि के बेटे की हत्या, देर रात अंधाधुंध फायरिंग में गई जान  |
x
यमुनानगर के जगाधरी में एक पैलेस के बाहर शुक्रवार आधी रात को ताबड़तोड़ फायरिंग में कांग्रेस नेता राजेंद्र वाल्मीकि के बेटे जानू की मौत हो गई।

यमुनानगर के जगाधरी में एक पैलेस के बाहर शुक्रवार आधी रात को ताबड़तोड़ फायरिंग में कांग्रेस नेता राजेंद्र वाल्मीकि के बेटे जानू की मौत हो गई। जानू के सिर में दो गोलियां लगी। वहीं गोली लगने से तीन अन्य युवक भी घायल हो गए। वारदात के बाद गुस्साए जानू के परिजनों ने शनिवार को शहर के भगत सिंह पार्क पर जाम लगा दिया।

जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। परिजन हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे थाना शहर यमुनानगर प्रभारी सुखबीर सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। परिजनों ने सुढल निवासी सचिन उसके साथी उनहेड़ी निवासी सुमित व संटी पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल परिजनों ने सड़क पर जाम लगा रखा है। परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कह रहे हैं।
जगाधरी में मटका चौक स्थित पैलेस में शुक्रवार रात विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी रौनक सिंह का शादी समारोह था। समारोह में कांग्रेसी नेता चूना भट्ठी निवासी राजेंद्र वाल्मीकि का बेटा जानू भी तीन दोस्तों के साथ गया हुआ था। वह देर रात तक शादी में रहे। रात करीब एक बजे वह घर जाने के लिए पैलेस से बाहर आए। पैलेस के बाहर पहले से खड़े बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। वारदात में जानू के सिर में दो गोलियां लगी। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जबकि पंजाब के लुधियाना निवासी अनमोल सिंह (27), सिटी सेंटर के पास स्थित श्रीराम कुंज बिहारी मंदिर के नजदीक रहने वाले रजत (23) और मोहित (25) के हाथों और टांगों में गोलियां लगी। सभी को गाबा अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने जानू को मृत घोषित कर दिया व अन्य तीनों उपचाराधीन हैं।
दिसंबर में भी चली थी जानू पर गोली
जानू का तीन साल पहले गांव सुढल निवासी सचिन के साथ झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों को तब काफी चोट लगी थी। इस घटना में राजेंद्र वाल्मीकि के बड़े बेटे रमन वाल्मीकि पर भी केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने रमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परंतु वर्ष 2020 में जेल में रमन की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तब परिजनों ने साजिश के तहत रमन को मारने का आरोप लगाया था। अब राजेंद्र वाल्मीकि के छोटे बेटे जानू की गोली मार कर हत्या कर दी गई। दिसंबर माह में भी बदमाशों ने जानू पर गोली चलाई थी। उस समय वह बच गया था। इस मामले में भी सचिन समेत तीनों आरोपी नामजद है। पुलिस आज तक उनको गिरफ्तार नहीं कर पाई।


Next Story