हरियाणा

गुरुग्राम में अवैध कचरा डालने वालों पर CM सैनी सख्त, 500 एकड़ जमीन पर बनेगा वेस्ट निस्तारण केंद्र

Admindelhi1
25 Nov 2026 12:12 PM IST
गुरुग्राम में अवैध कचरा डालने वालों पर CM सैनी सख्त, 500 एकड़ जमीन पर बनेगा वेस्ट निस्तारण केंद्र
x
गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद के कचरे का होगा एक जगह निस्तारण, 500 एकड़ जमीन होगी चिह्नित

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में अवैध रूप से निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) लाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। साथ ही गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद के कचरे के व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास करीब 500 एकड़ जमीन चिह्नित करने को कहा है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान सफाई, जलभराव, सड़क, पेयजल, सीवरेज और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निर्माण एवं विध्वंस कचरे के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने दीर्घकालिक समाधान के लिए बड़े निस्तारण केंद्र की तैयारी करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने बताया कि दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले 12 वाहनों को जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों का असर केवल रिपोर्ट में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

Next Story