हरियाणा

नगर परिषद चुनाव वोटिंग: पलवल में चार बजे तक 57.8 व होडल में 67.5 फीसदी वोटिंग की खबर

Admin Delhi 1
19 Jun 2022 12:06 PM GMT
नगर परिषद चुनाव वोटिंग: पलवल में चार बजे तक 57.8 व होडल में 67.5 फीसदी वोटिंग की खबर
x

पलवल न्यूज़: रविवार को सुबह सात बजे बारिश के साथ पलवल व होडल क्षेत्र में मतदान की शुरुआत हुई। आसमान में गहरे काले बादल छाए और हल्की बूंदाबादी भी हुई। इससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत जरूर मिली। उधर निर्वाचन आयोग सुहाने मौसम के चलते अच्छे मतदान की उम्मीद जता रहा था। हालांकि, मतदान की शुरुआत धीमी रही। शाम चार बजे तक पलवल शहर में 57.8 प्रतिशत व होडल शहर में 67.5 प्रतिशत पोलिंग हुई। जिन युवाओं ने पहली बार मतदान किया वे बहुत उत्साहित दिखे। उधर बड़ी संख्या में महिलाएं भी मतदान के लिये निकलीं। इसका एक कारण यह भी रहा कि जो वार्ड महिला प्रत्याशी के लिये रिजर्व थे, वहां वोट डालने के लिये महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। लाइनपार वार्ड सात में छह महिला प्रत्याशी हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं 21 से 32 आयु की हैं। वार्ड सात की महिला प्रत्याशी रेणु राणा ने बताया कि उनका मुख्य मुद्दा सफाई का है। वे चुनाव जीतकर नालियों की सफाई करवाना चाहतीं हैं। साथ ही अवैध रूप से शराब व जुआ सट्टा आदि नशे को वार्ड से खत्म करवाना चाहतीं हैं।

बता दें कि पलवल नगर परिषद में 1 लाख 28 हजार 592 मतदाता हैं। 2 बजे तक इनमें से 61 हजार 335 ने अपना वोड डाला है। अभी भी यहां बूथों पर वोटरों की लाइन लगी है। फिलहाल कहीं से हंगामे की सूचना नहीं है। इसी प्रकार होडल में पलवल की तुलना में मतदान ज्यादा हैं। यहां पर 44 हजार 514 मतदाताओं में से दो बजे तक 25 हजार 429 ने वोट डाल लिया है। मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है।

बता दें कि पलवल नगर परिषद में कुल 31 वार्ड हैं। 14 उम्मीदवार चेयरमैन पद के लिए मैदान में हैं और 148 प्रत्याशी पार्षद के बनने के लिए चुनाव लड रहे हैं। 1 लाख 28 हजार 592 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 68 हजार 621 पुरूष और 59 हजार 966 महिलाएं हैं। पलवल में 124 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं होडल नगर परिषद में कुल 21 वार्ड बनाए गए हैं। 12 उम्मीदवार चेयरमैन पद के लिए मैदान में हैं और 72 पार्षद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड रहे हैं। 44 हजार 514 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इनमें 23 हजार 891 पुरूष और 20 हजार 620 महिलाएं हैं। शाम 6 बजे तक मत का प्रयोग किया जाएगा। इनके लिए 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।



Next Story