हरियाणा

समाधान शिविर में नागरिकों ने रखीं स्थानीय समस्याएं, कार्रवाई की मांग

Admindelhi1
20 Oct 2026 8:30 AM IST
समाधान शिविर में नागरिकों ने रखीं स्थानीय समस्याएं, कार्रवाई की मांग
x
जनसमस्याओं को लेकर समाधान शिविर में लोगों ने अधिकारियों का ध्यान खींचा

कैथल: लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को नागरिकों ने अवैध पोल्ट्री फार्म, मकान के सामने लगे बिजली के पोल, आवारा कुत्तों और जर्जर सार्वजनिक शौचालय सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार ने नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गांव माघो माजरी के ग्रामीणों ने बाबा लदाना रोड स्थित पोल्ट्री फार्म को बंद करवाने और वहां लगे बड़े पंखों को हटवाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली तेज दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग उठाई। वहीं, जनकपुरी कॉलोनी निवासी मिया सिंह ने अपने मकान के सामने लगे बिजली के पोल को हटवाने की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि पोल हटवाने के लिए बिजली विभाग में निर्धारित राशि जमा करवाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक पोल नहीं हटाया गया है।

वार्ड नंबर छह निवासी विक्की सैनी ने अग्रसेनपुरम कॉलोनी और बिशनगढ़ गामड़ी में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को उठाते हुए नागरिकों को राहत दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने आरके पुरम स्थित सरकारी अस्पताल के पास बने सार्वजनिक शौचालय की जर्जर हालत को लेकर भी शिकायत दर्ज करवाई।

समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों पर एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन यशपाल प्रजापति, अनिल वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Next Story