सीआईए मिल गेट के जवानों को बेहतर कार्य के लिए किया सम्मानित

हिसार: अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में सराहनीय योगदान देने पर सीआईए मिल गेट की टीम को सम्मानित किया गया। सोमवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मेहनत, लगन, कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक जगदीश, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार, विक्रान्त, बलवान, मांगे राम और जय प्रकाश शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाना और आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराध से जुड़े मामलों में तत्परता, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मी विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाते हैं और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी होते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है। इससे उन्हें भविष्य में भी और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।





