हरियाणा

सिरसा में गरजे मुख्यमंत्री सैनी, नशा तस्करों को दिया सख्त संदेश

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:15 AM IST
सिरसा में गरजे मुख्यमंत्री सैनी, नशा तस्करों को दिया सख्त संदेश
x
कालांवाली यूथ मैराथन में CM सैनी का संदेश, नशा छोड़ो और सपनों से जुड़ो

सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को सख्त चेतावनी दी है। रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशे के खिलाफ आयोजित यूथ मैराथन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वाले या तो अपना धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें। प्रदेश की धरती पर नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प युवाओं को नशे के चंगुल से बचाकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। सरकार नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर नीति अपना रही है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है।

सैनी ने कहा कि मैराथन जीवन में अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं को समझाया कि नशा कुछ समय का आकर्षण दिखाकर व्यक्ति को उसके परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने पर उन्हें डांटने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए। स्कूल और कॉलेजों को भी शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण पर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उनके खेल जीवन, अनुशासन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूथ मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और युवाओं से नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

Next Story