हरियाणा

नेपाल में मिला गायब शेफ, क्राइम ब्रांच एनआइटी ने इंटरपोल की मदद से युवक को ढूंढा

Admin Delhi 1
24 April 2022 5:54 PM GMT
नेपाल में मिला गायब शेफ, क्राइम ब्रांच एनआइटी ने इंटरपोल की मदद से युवक को ढूंढा
x

फरीदाबाद न्यूज़: तीन महीने पहले कभी वापस न लौटने की कहकर घर से निकले शेफ को क्राइम ब्रांच एनआइटी ने इंटरपोल की मदद से नेपाल में ढूंढ निकाला। नेपाल से लाकर शेफ को रविवार उसके स्वजन को सौंप दिया है। परिवार वाले उसे ढूंढकर थक चुके थे। शेफ को वापस पाकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने इस कार्य के लिए क्राइम ब्रांच एनआइटी को प्रथम श्रेणी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया है। पल्ला क्षेत्र निवासी सुनीता देवी ने 23 फरवरी को पल्ला थाने में आकर पति भरत सिंह की गुमशुदगी की सूचना दी थी। उसने बताया कि उसके पति पिछले 15 साल से यूरोप में शेफ की नौकरी करते थे। वह हर साल दो-तीन महीने की छुट्टी लेकर घर आते थे। इस बार भरत सिंह 19 जनवरी को यूरोप से घर आए थे। घर में उनका पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। 1 फरवरी को वह नाराज होकर घर से चले गए। जाते हुए कह गए कि अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। सुनीता ने पति की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया। रिश्तेदारों में भी पता किया, मगर भरत सिंह का कुछ पता नहीं चला। थककर उसने पुलिस को सूचना दी। पल्ला थाना पुलिस ने भी अपने स्तर पर भरत सिंह की तलाश की मगर कुछ जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद सुनीता पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा से मिली और पति को ढूंढने की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच एनआइटी प्रभारी नरेंद्र शर्मा को भरत सिंह को ढूंढने की जिम्मेदारी सौंपी। नरेंद्र शर्मा ने हवलदार रोहताश, सिपाही सुमित और नरेश के साथ मिलकर इस मामले की जांच शुरू की। तकनीक की सहायता से उन्होंने पता लगाया कि भरत सिंह नेपाल में है। टीम यहां से नेपाल के लिए रवाना हो गई। वहां इंटरपोल की सहायता से पता लगाया कि नेपाल में भरत सिंह एक बड़े कसीनो में काम करते हैं। वहां बड़ी मशक्कत के बाद भरत सिंह को ढूंढा जा सका। पत्नी से झगड़ा न करने की हिदायत देकर उन्हें स्वजन को सौंप दिया।

Next Story