हरियाणा

Charkhi Dadri: धान की जगह वैकल्पिक फसल, सरकार देगी आर्थिक मदद

Admindelhi1
4 July 2025 8:44 PM IST
Charkhi Dadri: धान की जगह वैकल्पिक फसल, सरकार देगी आर्थिक मदद
x

चरखी दादरी: धान की खेती छोड़कर दूसरी फसलों की बिजाई करने पर हरियाणा के किसानों को दोहरा लाभ मिलेगा। हरियाणा सरकार की ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना के तहत किसानों को धान की बजाये दूसरी फसल बिजाई करने पर 8 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। दादरी जिला में किसानों का धान की बजाये कपास, बाजरा, ग्वार, मूंंग सहित अन्य फसलों की ओर रूझान बढ़ा है। बारिश के बाद खरीफ फसलों में काफी फायदा मिलेगा वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानों को सरकार की योजना बारे जागरूक किया जा रहा है।

बता दें कि इस बार मानूसन शुरू होने के साथ ही दादरी जिला में अच्छी बारिश हुई है। बारिश के बाद खरीफ फसलों की बिजाई जोरों पर है वहीं पहले से बिजाई की गई फसलों को काफी फायदा होने की उम्मीद है। कृषि विभाग के वरिष्ठ विषय विशेषज्ञ डा. चंद्रभान श्योराण ने बताया कि इस बार मानसून शुरू होने के साथ ही बारिश भी अच्छी हुई है।

बारिश से खरीफ फसलों को काफी फायदा होगा। वहीं किसानों को हरियाणा सरकार की ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना का फायदा उठाना चाहिए। योजना के तहत किसान धान की फसल छोड़कर दूसरी फसलों की बिजाई करता है तो उसे 8 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि मिलेगी वहीं खेतों में लगातार पानी जमा होने पर फसलों में नुकसान भी नहीं होगा। उन्होंने बताया कि दादरी में किसानों का धान की बजाए दूसरी फसलों की ओर रूझान बढ़ा है।

धान की खेती को छोड़कर अन्य फसलों की खेती करने के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पोर्टल से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही किसानों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

Next Story