
जनता से रिश्ता वेबडेस्क | पश्चिमी विक्षोभ व विपरजॉय के प्रभाव से प्रदेश में 15 से 20 जून तक बारिश की संभावना रहेगी। इसके प्रभाव से तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 14 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से और अरब सागर पर बना चक्रवातीय तूफान विपरजाॅय की वजह से लगातार मैदानी राज्यों में नमी मिल रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके प्रभाव से पंजाब से सटे जिलाें में इसका ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। वहीं चक्रवातीय तूफान विपरजॉय 15 जून को गुजरात और पाकिस्तान सीमा से टकराएगा, जिसका प्रभाव महाराष्ट्र, गुजरात व राजस्थान पर देखने को मिलेगा। आगे बढ़ते-बढ़ते इसके कम दबाव के क्षेत्र में बनने की आशंका है, जिस कारण हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों पर भी इसका आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इन सभी गतिविधियों के कारण 20 जून तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इससे एक बार फिर अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिलेगी।
उधर मौसम साफ रहने से रात के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को प्रदेश के अंबाला जिले में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। वहीं मौसम साफ रहने से सुबह से तीखी धूप का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सुबह कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी भी चली।