हरियाणा

Chandigarh: प्रधानमंत्री की अपील के बाद वीआईपी काफिले में कटौती

Admindelhi1
15 May 2026 11:52 AM IST
Chandigarh: प्रधानमंत्री की अपील के बाद वीआईपी काफिले में कटौती
x

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाहनों के काफिले में कटौती किए जाने का असर चंडीगढ़ में दिखाई दिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुवार को अपने काफिले में शामिल गाडिय़ों की संख्या को कम कर दिया तो वहीं राज्य के सहकारिता मंत्री साइकिल पर सवार होकर भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी आज सरकार के मंत्रियों तथा विधायकों ने अपने काफिले की गाडिय़ों को कम कर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और संसाधनों के उचित उपयोग के आह्वान पर हरियाणा सरकार ने वीआईपी वाहनों के उपयोग में कटौती का फैसला किया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि अगले आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे। जिसके बाद सीएम ने अपने फ्लीट में न्यूनतम वाहनों के इस्तेमाल का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन बिना किसी सरकारी वाहन के कार्य करने का संकल्प भी लिया है। सीएम ने कहा- राज्य सरकार के सभी मंत्री और विभागीय अधिकारी भी यात्रा के दौरान सीमित वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों से अधिकतम बैठकों का आयोजन वर्चुअल माध्यम से करने का आग्रह किया गया है।

इस बीच चंडीगढ़ में सुबह मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ साइकिल से भाजपा कार्यालय पहुंचे। गुरूवार को पंचकूला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पंचकमल में निकाय चुनाव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में निकाय चुनाव में नवनिर्वाचित मेयर और चेयरमैन का सम्मान किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा लगातार यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि सरकार और संगठन केवल नीतियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनहित के अभियानों को स्वयं अपनाकर उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं। इस बीच पानीपत से विधायक प्रमोद विज भी गुरूवार को अपनी गाड़ी की बजाए ट्रेन से सफर करके चंडीगढ़ पहुंचे।

Next Story