हरियाणा

Chandigarh: 100 सीटों पर एडमिशन के साथ सुपर-100 योजना को मिली नई रफ्तार

Admindelhi1
10 July 2026 10:35 AM IST
Chandigarh: 100 सीटों पर एडमिशन के साथ सुपर-100 योजना को मिली नई रफ्तार
x

चंडीगढ़: प्रदेश के होनहारों की प्रतिभा को परखने का सुपर-100 नया मंच साबित हो रहा है। सरकार ने सुपर-100 के प्रति विद्यार्थियों के रुझान को देखते हुए दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है, अब 100 सीटों पर नए दाखिले होंगे, जिसकी प्रक्रिया आवेदन गुरुवार से शुरू हो गई है।

अब नई 100 सीटों के साथ सुपर-100 में सीटों की संख्या 500 से बढक़र 600 हो गई है। प्रदेश में कुरुक्षेत्र जिले के बारना गांव में सुपर-100 में चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

मुख्यमंत्री की वर्ष 2026-27 के बजट में सुपर-100 कार्यक्रम के तहत 100 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए शिक्षा विभाग की ओर से नई 100 सीटों पर दाखिले का शेड्यूल जारी किया गया है।

शिक्षा निदेशालय की ओर से सुपर-100 की नई 100 सीटों पर होने वाले दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सुपर-100 के लिए होनहार विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रवेश परीक्षा और कक्षाएं शुरू होने के कार्यक्रम बारे अवगत कराया गया है।

अभ्यार्थी 12 जुलाई से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। पहले स्तर की प्रवेश परीक्षा 14 जुलाई को आयोजित की जाएगी, जबकि इसका परिणाम 17 जुलाई को घोषित होगा। पहले चरण में सफल अभ्यर्थी 19 जुलाई को होने वाली दूसरे स्तर की परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरे चरण का परिणाम 23 जुलाई को जारी किया जाएगा और चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू कर दी जाएंगी।

सरकार का मानना है कि सुपर-100 कार्यक्रम के विस्तार से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा। अहम पहलू यह भी है कि शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए आयोजित हुई सुपर-100 कार्यक्रम के तहत 2113 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुई थी।

Next Story