हरियाणा

Chandigarh: सरकार ने जेबीटी शिक्षकों के प्रमोशन पर लिया बड़ा निर्णय

Admindelhi1
30 July 2026 4:43 PM IST
Chandigarh: सरकार ने जेबीटी शिक्षकों के प्रमोशन पर लिया बड़ा निर्णय
x
शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, जेबीटी को मिलेगा प्रमोशन

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने जेबीटी अध्यापकों को प्रमोट करके टीजीटी में कनवर्ट करने का फैसला किया है। इसके चलते प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि पात्र अध्यापकों के केस तैयार करके 13 अगस्त तक निदेशालय को भेजे जाएं। विभाग ने इसे अत्यंत जरूरी मामला बताते हुए अधिकारियों को समय सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षा विभाग के अनुसार, हाल ही में विभिन्न विषयों में जेबीटी/सीएंडवी से टीजीटी पदों पर पदोन्नति की गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में पात्र शिक्षकों के मामले निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त हुए। विभाग ने ऐसे शिक्षकों को एक अंतिम अवसर देने का निर्णय लिया है, ताकि वे अपनी वरिष्ठता और पात्रता के अनुसार पदोन्नति का दावा प्रस्तुत कर सकें।

विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र शिक्षकों के पदोन्नति संबंधी केस 13 अगस्त 2026 तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी दोनों माध्यमों से भेजे जाएं। इसके साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अपडेटेड एसीआर, स्पेशल एसीआर, एनओसी और समरी शीट भी अनिवार्य रूप से संलग्न करनी होगी।

विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी जिले में कोई पात्र शिक्षक पदोन्नति से वंचित रह जाता है या बाद में कोई कानूनी विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) की होगी। भविष्य में किसी भी प्रकार के मुकदमे या प्रतिकूल आदेश के लिए संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी माने जाएंगे।

Next Story