Chandigarh: हरियाणा कैबिनेट बैठक में तय होगी विधानसभा मानसून सत्र की तारीख

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के आयोजन को मंजूरी मिलने की संभावना है। अगस्त महीने में हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा।
पंजाब सरकार पहले ही 3 से 10 अगस्त तक मानसून सत्र बुलाने का फैसला कर चुकी है। ऐसे में हरियाणा सरकार की कोशिश रहेगी कि पंजाब विधानसभा सत्र के समापन के आसपास ही हरियाणा विधानसभा का सत्र आयोजित किया जाए।
बैठक में प्रदेश की नई इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पॉलिसी को भी मंजूरी मिल सकती है। सोमवार को जारी एजेंडे के अनुसार, कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण विधेयकों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा होगी।
इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा
हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज (भर्ती एवं सेवा शर्तें) विधेयक
ग्रुप-डी कर्मचारियों के पदोन्नति कोटे में बदलाव और क्लर्क पद पर पदोन्नति का रास्ता आसान करने का प्रस्ताव
भू-राजस्व एवं भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक, जिससे भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की तैयारी है
स्थानीय शासन एवं प्रशासनिक जवाबदेही संशोधन विधेयक, जिसमें नगर निकायों और पंचायतों के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों से जुड़े प्रावधान शामिल हैं
राइट टू बिजनेस विधेयक-2026, जिसके तहत MSME और नए उद्योगों के लिए कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव है
मंत्रिमंडल की यह बैठक प्रदेश की आगामी नीतियों और विधानसभा सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





